उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी को मिला ‘नशा मुक्ति मित्र’ सम्मान

देहरादून। सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में ‘नशा मुक्ति मित्र’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या तथा परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती द्वारा प्रदान किया गया।
यह सम्मान उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी द्वारा समाज में जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की पहचान है। सोसाइटी की अध्यक्ष नलिनी गोसाईं ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जो समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके दिवंगत पिता ने अपने जीवनकाल में हजारों परिवारों को गायत्री परिवार से जोड़ने के साथ-साथ सैकड़ों लोगों को नशे की लत से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संस्कार और समाज सेवा की प्रेरणा ही आज उन्हें जनहित के कार्यों के लिए निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति देती है।
उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी लंबे समय से नौनियों, ब्वारियों (बेटियों और बहुओं) तथा बालिकाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सोसाइटी द्वारा महिलाओं और किशोरियों के लिए स्वास्थ्य कार्यशालाएं, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम, निशुल्क ब्यूटी एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण अभियान सहित अनेक सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा चुकी हैं।
सोसाइटी का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। सम्मान प्राप्त होने पर सोसाइटी से जुड़े सभी सदस्यों ने इसे समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी और बढ़ने का अवसर बताया। नलिनी गोसाईं ने सम्मान के लिए आयोजकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जनजागरूकता के लिए कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button