उत्तराखंडदेहरादून

दिल्ली में गूंजी पहाड़ की लोक-संस्कृति, गढ़वाल सांसद के आवास पर भव्य रूप से मना लोकपर्व इगास-बग्वाल

देहरादून। गढ़वाल से लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कम्युनिकेशन प्रमुख अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर हर वर्ष की भांति इस बार भी देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति, विरासत और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व इगास-बग्वाल का आयोजन पूरी श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ किया गया। पहाड़ की सौंधी खुशबू, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास से सराबोर इस भव्य समारोह की शुरुआत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर की। पहाड़ की इस पावन परंपरा का साक्षी बनने के लिए देश की कई प्रमुख हस्तियां एकत्रित हुईं। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही, भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि, पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चैहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रमुख रूप से सहभागिता कर उत्तराखंड की संस्कृति के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया।
कार्यक्रम में देवभूमि से निकलकर देश-दुनिया में नाम रोशन करने वाले कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों के साथ-साथ उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पत्रकार एवं संवाददाता भी उपस्थित रहे। समारोह में स्वामी चिदानंद जी महाराज, आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज तथा बागेश्वर धाम सरकार सहित अनेक पूजनीय संतों के आगमन से पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से विभोर हो उठा। वहीं, उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ों से आए लोक-कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-दमाऊ की थाप और लोक-नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दिल्ली के इस आंगन में मानो पूरा उत्तराखंड उतार दिया, जिससे सभी अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए।
सांसद अनिल बलूनी ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी के साथ पारंपरिक आतिथ्य सत्कार करते हुए सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हम सबकी साझा पहल से इगास के प्रति बढ़े जुड़ाव ने लोगों को एक बार फिर अपनी मिट्टी और जड़ों से जोड़ा है। पलायन को रोकने और हमारे पहाड़ों को फिर से आबाद बनाए रखने में इगास की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है। आनंद और उल्लास का यह विशेष पर्व सामाजिक एकता और समरसता के भाव से परिपूर्ण है। मेरी कामना है कि लोक-संस्कृति का यह पावन उत्सव उत्तराखंड के मेरे सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उल्लेखनीय है कि गढ़वाल सांसद ने उत्तराखंड के इस पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल को पुनर्जीवित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की मुहिम की शुरुआत वर्ष 2018 में की थी। दिल्ली में रह रहे प्रवासी पहाड़ी भाई-बहनों के साथ पारंपरिक रूप से श्विकासश् मनाकर अनिल बलूनी ने यह संदेश दिया कि देश-दुनिया में बसे पहाड़ के सभी लोग इस अवसर पर एकजुट हों, अपनी जड़ों से जुड़ें और अपने गाँवों को फिर से जीवंत बनाएं। गौरतलब है कि बलूनी हर वर्ष इगास-बग्वाल की पूर्व संध्या पर दिल्ली स्थित अपने आवास पर इस लोकपर्व का आयोजन करते हैं, और ठीक इसके अगले दिन स्वयं देवभूमि पहुंचकर गढ़वाल के किसी न किसी गांव में स्थानीय ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रूप से श्भैलोश् खेलकर इगास मनाते हैं। उनकी इस सार्थक पहल का व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा हैय आज देश और दुनिया के किसी भी कोने में रह रहे उत्तराखंडी इस दिन अपनी विरासत से जुड़ते हैं और पूरे गर्व के साथ इगास-बग्वाल मनाकर अपनी लोक-संस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button