उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान समारोह में किया प्रतिभाग, क्षेत्र के विकास के लिए कीं छह महत्वपूर्ण घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मातृशक्ति की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिलाओं के साहस, संघर्ष, परिश्रम और उपलब्धियों को नमन करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कालाढूंगी क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। 1. कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना की जाएगी। 2. कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा। 3. कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। 4. कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चैड़ीकरण किया जाएगा। 5. कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
6. पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। हमारी संस्कृति में कहा गया है कि श्यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताःश् अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सके। जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी सशक्त होता है।
मुख्यमंत्री ने  कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा किए और कहा कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बीच परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। उनकी माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम सदैव उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत,  सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button