
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य सरकार ने केवल योजनाएं बनाने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण करना राज्य सरकार का लक्ष्य है।
युवाओं को रोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला देश का प्रथम राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है।
महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। देवभूमि परिवार योजना के तहत महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में मान्यता दी गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इस योजना का लाभ मिला है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को करीब 148 करोड़ रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ ही महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को आवास का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जल्द ही 50 हजार और आवासों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना के तहत लगभग पौने दो लाख परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडरों की निःशुल्क रिफिलिंग की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित को विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को टॉप अचीवर्स तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में उत्तराखण्ड को पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें से तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा का संचालन किया जा रहा है। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य गतिमान है। इसके साथ ही प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांचों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
महत्वपूर्ण निर्णय और सुशासन की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया है तथा दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सख्त भू-कानून के माध्यम से प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य के बाहर के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। राज्य में उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को आम जनता के और करीब लाने का प्रयास किया गया है। आगामी माह में इस अभियान के तहत पुनः शिविर आयोजित किए जाएंगे। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण , विधायकगण, एवं जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



