
उत्तरकाशी। भैया दूज के पावन पर्व पर बुधवार को चारधाम यात्रा के प्रमुख धाम यमुनोत्री मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। तय मुहूर्त के अनुसार सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद हुए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में मां के दर्शन कर सकेंगे। यहीं पर मां यमुना की नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
परंपरा के अनुसार भैया दूज पर सुबह से ही यमुनोत्री धाम में धार्मिक अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने मां यमुना का विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।
कपाट बंद होने के समारोह में इस बार शनिदेव महाराज की डोली भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। परंपरा के अनुसार शनिदेव महाराज की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और अपनी बहन मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए। तीर्थ पुरोहितों ने दोनों देव विग्रहों का विधिवत पूजन कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। मां यमुना की उत्सव मूर्ति को फूलों से सजी डोली में विराजमान कर खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। डोली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां यमुना को विदाई दी।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि धाम के कपाट परंपरागत रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए हैं। अब छह माह तक मां यमुना के दर्शन खरसाली स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पर होंगे। गौरव ने राज्य सरकार से शीतकाल के दौरान भी खरसाली गांव तक यात्री सुविधाएं सुचारू रखने की मांग की। कहा कि इससे शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलेगा और यात्रा से जुड़े स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, तीर्थ पुरोहितों और अन्य लोगों का स्वरोजगार भी चलता रहेगा। यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि शनि महाराज की डोली खरसाली जिसे मां यमुना का शीतकालीन प्रवास माना जाता है से अपनी बहन, मां यमुना को लेने और उन्हें विदा कराने के लिए यमुनोत्री धाम पहुंचती है। इसके बाद मां यमुना, शनि देव जी की डोली के साथ पूरे विधि-विधान से उत्सव डोली में यमुनोत्री से खरसाली गांव के लिए लौटती हैं। अगले 6 महीने शीतकाल के दौरान मां यमुना की पूजा-अर्चना खरसाली में होती है। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब समापन की ओर बढ़ गई है। मंगलवार 10 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए थे। आज बुधवार 11 नवंबर को केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हो गए हैं। 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा संपन्न हो जाएगा।



