उत्तराखंडदेहरादून

भाजपा ने दिनेश आर्य को घोषित किया उत्तराखंड से राज्यसभा प्रत्याशी

देहरादून। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए उत्तराखंड से पार्टी के प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने नैनीताल निवासी दिनेश आर्य को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
दिनेश आर्य पूर्व में भाजपा नैनीताल जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और वर्तमान में भी पार्टी से जुड़े दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व पीआरओ भी रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नैनीताल विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की थी। हालांकि पार्टी ने तत्कालीन कांग्रेस नेता रहीं सरिता आर्य को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद दिनेश आर्य ने इस्तीफा दे दिया था। बाद में पार्टी नेतृत्व के स्तर पर हुई मान-मनौव्वल के बाद उन्हें सरकार में जिम्मेदारी दी गई। अब करीब चार वर्ष बाद भाजपा ने उन्हें विधानसभा की राजनीति से आगे बढ़ाते हुए सीधे राज्यसभा के उच्च सदन की राह दिखाई है। बताया गया है कि आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से संभावित दावेदारों के 15 नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए थे। केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों पर विचार के बाद दिनेश आर्य के नाम पर मुहर लगाई। दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के फैसले को उत्तराखंड की राजनीति में सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली हुई थी। इसके बाद कांग्रेस की ओर से भाजपा पर दलित विरोधी होने के आरोप लगाए गए थे। ऐसे राजनीतिक माहौल के बीच भाजपा द्वारा दिनेश आर्य को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया जाना पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से उम्मीदवार चयन को लेकर आधिकारिक तौर पर किसी राजनीतिक समीकरण को कारण नहीं बताया गया है। दिनेश आर्य के नाम की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। अब उनके राज्यसभा पहुंचने की औपचारिक प्रक्रिया चुनाव के अगले चरण के साथ आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button