
देहरादून। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों में सहभागिता की। गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया तथा स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।
जुएल ओराम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विद्यालय, छात्रावास तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करते हुए उनसे अपने परिवारों और गांवों में भी सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है, जो बेहतर स्वास्थ्य, गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, उनकी रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। श्री ओराम ने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, उचित संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बाजपुर को आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों से सुसज्जित करते हुए एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।
केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री का उत्तराखंड दौरा विशेष रूप से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय शिक्षा और कल्याण से जुड़े विषयों पर स्थानीय हितधारकों एवं अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर प्रदान कर रहा है। साथ ही, वे वरिष्ठ नागरिक कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान और जनजातीय शिक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग ले रहे हैं। जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने के साथ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में भी शामिल होंगे



